मोटी महिलाओं के बच्चे भी होंगे मोटे!

FatPregnentWomen.jpg

लंदन। अत्यधिक वजन वाली महिलाएं सावधान हो जाएं। मोटापे का असर आपके बच्चों पर भी पड़ता है। हालिया शोध के मुताबिक मोटापे से पीडि़त महिलाओं के बच्चे भी मोटे होते हैं।

लंदन स्थित गाइज और सेंट थामस हास्पिटल के शोधार्थियों ने पाया कि जिन महिलाओं का वजन अत्यधिक होता है उनके शरीर में वजन नियंत्रक हार्मोन में गड़बड़ी के चलते उनके बच्चे भी मोटे हो सकते हैं।

शोधकर्ताओं के मुताबिक खाने की इच्छा को नियंत्रित करने वाले हार्मोन लेप्टिन का मोटी महिलाओं में अत्यधिकउत्पादन होता है। लेप्टिन का अधिक स्तर भ्रूण में भी वजन नियंत्रित करने वाली ग्रंथि को नुकसान पहुंचाता है।  इससे बच्चे के जन्म के बाद भविष्य में उसकी वजन नियंत्रित करने की क्षमता खत्म हो सकती है।

समाचार पत्र 'संडे एक्सप्रेस' ने प्रमुख शोधकर्ता प्रो. लूसिला पोस्टन  के हवाले से बताया कि यह चिंताजनक पहलू है। महिलाओं का वजन उस उम्र में बढ़ रहा है जिसमें वह बच्चे को जन्म देती हैं। ब्रिटेन में मोटी गर्भवती महिलाओं की तादाद पिछले बीस वर्षों में सात से 15 फीसदी पहुंच गई है।

विशेषज्ञों का आकलन है कि ब्रिटेन में हर साल एक लाख बच्चे मोटापे या अन्य गंभीर बीमारियों की चपेट में आते हैं। इस समस्या से बचने के लिए महिलाओं को गर्भ धारण करने से पहले अपना वजन घटाना चाहिए। मोटापे से ग्रस्त महिलाओं को प्रसव के समय भी काफी दिक्कतें आती हैं।

साभार: प्रेट्र