पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमत की वजह से लोगों की दिलचस्पी ऑनलाइन खरीदारी में बढ़ रही है। लोग गाड़ी चलाकर मॉल जाने या बाजार जाने से अच्छा ऑनलाइन खरीदारी को मान रहे हैं। एसोसिएटेड चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) की हालिया रिपोर्ट दर्शाती है कि ऑनलाइन खरीदारी के मामले में मुम्बईवासी देश में सबसे आगे हैं। इसके लिए जनवरी से जून तक 10 शहरों का अध्ययन किया गया था।
रिर्पोट के अनुसार, 65 प्रतिशत मुम्बई वासी ऑनलाइन खरीदारी करते हैं। ऑनलाइन खरीदारी के मामले में अहमदाबाद दूसरे स्थान पर है, जबकि दिल्ली का तीसरा स्थान है। सर्वे में शामिल लोगों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतें की वजह से वह घर में ही रहना पसंद करते हैं।
इस निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई और बेंगलुरू सहित 10 शहरों में 16 से 35 साल की उम्र के करीब 5,000 लोगों के बीच सर्वेक्षण किया गया।
शोध में शामिल विभिन्न शहरों के करीब 40 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे इसलिए ऑनलाइन खरीदारी को पसंद करते हैं, क्योंकि इससे किसी भी वक्त और किसी भी तरह के उत्पाद की खरीदारी की जा सकती है। साथ ही सामानों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त होती है और कीमत का भी आकलन कर सकते हैं।
अधिक आमदनी वाले करीब 25 प्रतिशत लोगों ने मॉल और समृद्ध बाजारों से खरीदारी करने की बात कही, जबकि करीब 20 प्रतिशत ने स्थानीय बाजारों से खरीदारी को तरजीह दी, क्योंकि वे उससे परिचित होते हैं, वहां पहुंचना उनके लिए आसान होता है और स्थानीय ग्राहक होने की वजह से दुकानदारों से उनके सम्बंध भी अच्छे होते हैं।
राजधानी दिल्ली का ट्रेंड
सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, "करीब 45 प्रतिशत दिल्ली वासियों ने ऑनलाइन खरीदारी को तरजीह दी, जबकि 30 प्रतिशत लोगों ने सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, करोल बाग, जनपथ, पहाड़गंज, सदर बाजार और चांदनी चौक जैस परम्परागत बाजारों से खरीदारी को प्रमुखता दी।"
रिपोर्ट के मुताबिक, "करीब 15 फीसदी ने मॉल से खरीदारी करने की बात कही, जबकि 10 प्रतिशत ने विशेष दुकानों से खरीदारी को प्राथमिकता दी।"