सलमान खान ने बॉडीगार्ड के जरिए यह साबित कर दिया है कि इस समय वह अपने फिल्म की बेहतरीन पारी खेल रहे हैं। सलमान का खान के चाहने वालों का एक अलग ही वर्ग है जिसे सलमान हर रूप में अच्छे लगते हैं। बॉडीगार्ड में भी सलमान ने सिर्फ अपने फैन्स की पसंद का ख्याल रखा है। बॉडीगार्ड सामान्य एक्शन फिल्म नहीं है। यह एक्शन की जबदरस्त फैंटेसी है। रियल लाइफ में ऐसा मुमकिन नहीं है। रील पर अवश्य ही रजनीकांत के साथ ऐसी फैंटेसी क्रिएट की जाती रही है। सलमान खान अकेले ही दर्जनों पर भारी हैं। दुश्मनों की गोलीबारी उन पर बूंदाबादी लगती है। इस फिल्म के एक्शन के लिए हैरतअंगेज से आगे का कोई शब्द खोजना होगा।
'बॉडीगार्ड' एक एक्शन लव स्टोरी है। लवली सिंह यानी सलमान खान और दिव्या (करीना कपूर) की प्रेम कहानी कई बार दिल को छू जाती है। लवली को दिव्या की सेफ्टी की जिम्मेदारी दी जाती है और तब से लवली साये की तरह दिव्या के साथ रहता है। जो दिव्या को रास नहीं आता। दिव्या नहीं चाहती कि कोई भी उसकी पर्सनल लाईफ में दखल दे। वह लवली को अपनी लाईफ से दूर करने का लिए नाम बदलकर छाया नाम से लवली को फोन पर अपने प्यार के जाल में फांसती है लेकिन खुद ही इस जाल में फंस कर रह जाती है।
फिल्म का फर्स्ट हाफ कब गुज़रता है पता नहीं चलता, लेकिन सेकंड हॉफ में कहानी में थोड़ी सी ढील आ गयी है। पर क्लाईमेक्स तक फिल्म में काफी बदलाव आते है जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेंगे। दिव्या का लवली सिंह के लिए प्यार कई जगहों पर दिल की गहराई में उतर जाता है। सलमान हमेशा से ही दर्शकों को हंसाने में कामयाब रहें हैं। इस फिल्म में उनकी मासूमियत और कॉमेडी दोनो ही साथ साथ देखने को मिली है।
सिद्दिकी मलयालम के मशहूर निर्देशक हैं। उनकी फिल्में खूब पसंद की जाती हैं। प्रियदर्शन ने उनकी कई फिल्मों का हिंदी रिमेक किया है। इस बार सिद्दिकी की शर्त थी कि उसी को हिंदी में रिमेक का अधिकार देंगे, जो उन्हें इसे हिंदी में निर्देशित करने देगा। नतीजा सामने है। सिद्दिकी और सलमान खान ने मिलकर बॉडीगार्ड को हिंदी दर्शकों के लिए बेहतरीन बनाया है।
हिमेश और प्रीतम का संगीत उम्दा है, आई लव यू...., तेरी मेरी, मेरी तेरी प्रेम कहानी... तो हीट है ही इनके के अलावा देसी बीट्स और टाइटल ट्रेक भी सुना जा सकता है। अगर आप सलमान खान के फैन नहीं भी हैं तो भी यह फिल्म आप एक बार देखने जा सकते हैं।
मुख्य कलाकार : सलमान खान, करीना कपूर, महेश मांजरेकर, शत्रुघ्न सिन्हा, आदित्य पंचोली, रजत रवेल, असरानी, कट्रीना कैफ, राज बब्बर, मोहन कपूर, हिमानी शिवपुरी
निर्देशक : सिद्दिकी लाल
निर्माता- अतुल अग्निहोत्री, अल्वीरा अग्निहोत्री, रिलायंस एंटरटेनमेंट,
संगीत- हिमेश रेशमिया, प्रीतम