मुंबई। नया साल आने वाला है और लाने वाला है बॉलीवुड सितारों के लिए मोटी काली कमाई का जरिया। नए साल की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम के लिए फिल्मी सितारों व आइटम सांग गर्ल्स की डिमांड बेहद बढ़ गई है। शाहरुख, करीना, कैटरीना और प्रियंका चोपड़ा जैसे सितारे नए साल के जश्न पर होने वाले कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिए बुक हो चुकी है। जानकारों के अनुसार इनकी फीस लाखों में नहीं, बल्कि करोड़ों में होती है। ये फीस नगद में होती है, जो एक तरह से ब्लैक मनी है।
बॉलीवुड से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नए साल पर स्टेज शो के लिए सितारे दोगुनी फीस लेते हैं। वहीं करीना, कैटरीना और प्रियंका जैसे सितारे तिगुनी रकम वसूलते हैं। इनमें शाहरुख खान सबसे ज्यादा करीब चार करोड़ रुपये लेते हैं। खास बात यह है कि इन सितारों को भुगतान नकद में होता है। अधिकतर शो प्राइवेट क्लब, होटल आयोजित कराते हैं। इस शो के जरिये वह अपने ब्लैक मनी का इस्तेमाल कर लेते हैं।
अभिनेत्रियों की फीस उनके खाते में दर्ज हिट फिल्मों और आइटम सांग पर निर्भर करती है। एक आयोजक कंपनी ने बताया कि कैटरीना कैफ, करीना और प्रियंका एक स्टेज शो से 1.2 से 2 करोड़ रुपये तक कमाती हैं। जबकि बिपाशा बसु, अनुष्का शर्मा, मलाइका अरोड़ा और मल्लिका सेहरावत जैसी हॉट हीरोइनों को 50 से 70 लाख रुपये तक मिल जाते हैं। वहीं याना गुप्ता, समीरा रेड्डी, नेहा धूपिया, कोयना मित्रा और तनुश्री दत्ता जैसी अभिनेत्रियों की भी चांदी हो जाती है। पूनम पांडे इस बार की सबसे हॉट आइटम है, जिसे पार्टी के लिए कई होटलों में बुक करने की होड़ लगी है। नकी झोली में कभी-कभी तो एक भी फिल्म नहीं होती फिर भी इन्हें शो के 10 से 25 लाख रुपये मिल जाते हैं।
इस बार तगड़ा मुकाबला कैटरीना और करीना के बीच होगा। करीना के खाते में छम्मक छल्लो जैसा हिट गीत है तो कैटरीना का चिकनी चमेली लोगों की जुबान पर है। गायकों में सबसे मोटी रकम सुनिधि चौहान को मिलती है। वह नए साल पर एक परफार्मेस के लिए 30 से 40 लाख रुपये लेती है। गायकों में सोनू निगम और सुखविंदर सिंह 50 लाख रुपये लेते हैं।