'बैड मैन' ने जानवरों को बचाने के लिए फैशन शो में की बैटिंग

GulshanMahimaPeta.jpg

नई दिल्ली। बॉलिवुड के 'बैड मैन' गुलशन ग्रोवर ने अभिनेत्री महिमा चौधरी के साथ मिलकर जावनरों को बचाने के लिए जबरदस्त 'बैटिंग' की। दोनों बॉलिवुड कलाकार बुधवार को प्रगति मैदान में शुरू हुए पांच दिवसीय विल्स लाइफस्टाइल इंडियन फैशन वीक (WIFW) 2012 के ऑटम-विंटर एडिशन में पेटा अभियान ' फैशन फॉर फ्रीडम-बॉयकॉट जू' को समर्थन देने आए थे। उन्होंने कहा कि जानवर प्रकृति से जुड़े हैं, इन्हें पिंजड़े में रखना पूरी तरह से अमानवीय है।


हरे व काले प्रिंट की साड़ी में खूबसूरत लग रही महिमा चौधरी ने कहा कि पेटा और फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (FDCI) की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'फैशन फॉर फ्रीडम और फ्रीडम फॉर फैशन' का मतलब एक ही है। मैं एक मां हूं और मेरे बच्चे भी जब जानवरों को पिंजड़े में बंद देखते हैं तो उन्हें तकलीफ होती है।

गुलशन ग्रोवर ने कहा कि जानवर बचाओ अभियान के लिए एफडीसीआई एक बेहतर प्लेटफॉर्म है। ईश्वर ने हर चीज की रचना बहुत सोच-समझ कर की है। मनुष्य खुद को बहुत अधिक बुद्घिमान मानता है, लेकिन वह ईश्वर की प्राकृतिक रचनाओं से  छेड़छाड़ कर अपनी मूर्खता ही प्रदर्शित करता है।

एफडीसीआई के अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि फैशन का मतलब सुंदरता और आजादी, दोनों है। यदि जानवर पिंजड़े में बंद है तो यह हम सब के लिए बेहद शर्म की बात है। हमें उनकी आजादी का भी ख्याल रखना चाहिए।

इससे पहले फैशन डिजाइनर शांतनु-निखिल के फैशन शो से WIFW 2012 की शुरुआत हुई। शांतनु-निखिल के परिधान में सर्जी बॉलिवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा और समीरा रेड्डी ने रैंप पर कैट वॉक किया। फैशन शो का पहला दिन पूरी तरह से यंग वुमन के डिजाइनर ड्रेस को समर्पित रहा।

ज्ञात हो कि पांच दिवसीय इस फैशन शो में १३८ डिजाइनर अपने कलेक्शन को प्रस्तुत करेंगे। अब्राहम व थकोरे, आनंद काबरा, अंजू मोदी, गौरव गुप्ता, मीरा व मुजफ्फर अली, मनीष मल्होत्रा, राहुल मिश्रा, रॉकी एस, रोहित बल, तस्र्ण तहलियानी, अब्दुल हैदर, चारू पराशर, वेंडल रॉड्रिक, जेम्स फरेरा और गौरी व नैनका जैसे fashion designers के डिजाइन किए परिधान में अगले पांच दिनों तक मॉडल रैंप पर कैटवॉक करते दिखेंगे।