अमिताभ से प्रेरित होकर मैं ट्विटर पर आई :लता मंगेशकर

latabday.jpg

नई दिल्ली। उम्र के नौवें दशक में भी सुर साधना में तन्मयता से लीन लता मंगेशकर की कोई अधूरी ख्वाहिश नहीं और अपनी जिंदगी से संतुष्ट इस महान गायिका को किसी से कोई गिला शिकवा भी नहीं। अपने 82वें जन्मदिन पर लता ने कहा मेरी कोई ऐसी ख्वाहिश नहीं जो अधूरी हो। मैं जिंदगी से बहुत संतुष्ट हूं। मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं और मैं ईश्वर की शुक्रगुजार हूं जो उन्होंने इतनी अच्छी जिंदगी दी।

जन्मदिन की योजना के बारे में पूछने पर भारत रत्न से सम्मानित इस महान गायिका ने कहा मैं कभी जन्मदिन नहीं मनाती। इस बार मुझे पहला हृदयनाथ मंगेशकर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिल रहा है जो मेरे लिए खुशी की बात है। लता के छोटे भाई पंडित हृदयनाथ के 75वें जन्मदिन पर हदएश आ‌र्ट्स द्वारा स्थापित इस सम्मान से सुपरस्टार अमिताभ बच्चन लता को नवाजेंगे। यह पुरस्कार संगीत, साहित्य, शिक्षा, खेल, रंगमंच और सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाएगा।

28 सितंबर 1929 को इंदौर में जन्मीं लता ने सात दशक के अपने कैरियर में एक हजार से अधिक बालीवुड फिल्मों और 36 भारतीय तथा विदेशी भाषाओं में गाया हैं। संगीत के अलावा इन दिनों ट्विटर पर भी सक्रिय लता ने बताया कि इससे जुड़ने की प्रेरणा उन्हें अमिताभ बच्चन से ही मिली। इस महान गायिका ने कहा मुझे पिछले साल किसी परिचित ने कहा कि मुझे ट्विटर पर आना चाहिए। मैने देखा कि कई लोग ट्विटर से जुड़े हैं। अमिताभ बच्चन भी इस पर नियमित रूप से लिखते हैं तो मैने भी यह देखकर ट्विटर से नाता जोड़ा और अब तो आदत हो गई है इसकी।

पिछले साल टिवटर से जुड़ी लता के तीन लाख से अधिक फालोअर हैं जबकि वह स्वयं अपनी बहन आशा भोसले, उषा मंगेशकर, भाई हृदयनाथ मंगेशकर, अभिनेता देव आनंद, दलाई लामा, गायक सोनू निगम और अमिताभ बच्चन को फालो करती हैं। पिछले दिनों आई संगीत से संन्यास की अटकलों को खारिज करने वाली लता इन दिनों रवींद्र संगीत पर काम कर रही हैं और उनका पहला एलबम जनवरी में आएगा।

उन्होंने कहा मैं आजकल रवींद्र संगीत पर काम कर रही हूं। मैने पहले एक दो गाने गाए हैं लेकिन इतने साल में पहली बार रवींद्र संगीत पर मेरा पूरा एलबम आएगा। मुझे उम्मीद है कि जनवरी तक यह एलबम आ जाएगा। लता ने कहा संगीत आखिरी दम तक मेरे साथ रहेगा। मैने हाल ही में गायत्री मंत्र का एलबम किया है और अभी भी काम कर रही हूं।

Courtsy: Jagran.com