मैं भी मां बनना चाहती हूं: करीना कपूर

KareenaSaif.jpg

करीना कपूर का करियर इनदिनों बुलिंदियों पर है। सलमान खान के साथ उनकी बॉडीगार्ड ने इतिहास बनाते हुए अब तक पहले सप्‍ताह में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले गोलमान- दो व तीन में भी उन्‍होंने धमाल मचाया था। सैफ अलीखान के साथ वह रिलेशन में हैं और इसे वह खुलकर स्‍वीकार करती हैं। अन्‍य औरतों की तरह वह भी चाहती हैं कि शादी करें और मां बने। सैफ के बच्‍चे को वह जन्‍म देना चाहती तो हैं, लेकिन वह यह भी मानती हैं कि उनमें अभी बहुत बचपना है। सैफ उन्‍हें एक बच्‍चे की तरह ट्रीट करते हैं। जिस दिन वह मैच्‍योर हो जाएगी, सैफ के बच्‍चे की मां भी बन जाएगी। जानिए उन्‍हीं के शब्‍दों में उनके फिल्‍मी और व्‍यक्तिगत जिंदगी के सफर को...


बॉडीगार्ड की कामयाबी से कितनी खुश हैं आप ?
बॉडीगार्ड की सफलता से मैं खुश हूं, लेकिन मैं अपनी फिल्मों की सफलता और असफलता को लेकर कभी नहीं सोचती। मैं इस बात खुश हूं कि सलमान के साथ वाली यह फिल्म हिट हुई, वर्ना हमने जितनी भी फिल्में साथ की हैं, सभी अच्छी नहीं गई। लोगों ने इसमें सलमान खान के साथ मेरी दिव्या की भूमिका को पंसद किया है।

सफल होने के लिए मेहनत को जरूरी मानती हैं या किस्‍मत को ?
सफलता के लिए मेहनत व किस्‍मत दोनों जरूरी है। ऐसा कोई मंत्र नहीं है कि जिसे आजमा कर सफलता हासिल कर लिया जाए। आप मेहनत करते हैं और फ्राइडे का इंतजार करते हैं, जिस फ्राइडे आपकी किस्‍मत अच्‍छी रहती है आपकी फिल्‍म चल निकलती है। जिस फ्राइडे आपकी किस्‍मत आपसे रूठी होती है आपको सफलता नहीं मिलती।

आप पर्सनल लाइफ में सलमान जैसा ही बॉडीगार्ड चाहेंगी?
नहीं.., पर्सनल लाइफ में मैंने आज तक बॉडीगार्ड नहीं रखा। मुझे बॉडीगार्ड के साथ घूमना पसंद नहीं है। मैं अकेले ही साधारण लड़की की तरह कहीं भी आने-जाने का मजा लेती हूं। इंडस्ट्री में जिस तरह लोग बॉडीगार्ड के साथ चलते हैं, तो एक तमाशा खड़ा हो जाता है। वह मुझे अच्छा नहीं लगता। किसी को यह अच्छा भी लगता होगा। हां, किसी भीड़भाड़ वाली जगह या फंक्शन में जाना हो तो तब इसकी जरूरत महसूस होती है कि कुछ गड़बड़ न हो जाए। लेकिन रूटीन लाइफ में इधर-उधर जाने में मुझे बॉडीगार्ड की जरूरत नहीं होती।

बॉडीगार्ड में आपका देसी गर्ल टाइप का कैरेक्टर है। देसी गर्ल का टैग आपको अच्छा लगता है?
मेरे फैन्स को मुझे देसी गर्ल के अंदाज में देखना बहुत अच्छा लगता है। जब वी मेट के बाद बॉडीगार्ड में मेरा कैरेक्टर वैसा आया। लोगों को मेरे इंडियन लुक वाले कैरेक्टर ज्यादा पसंद आते हैं।

आपने पहले मना किया, फिर हीरोइन के लिए हां कर ही दी?
हां, लेकिन अभी उस फिल्म के बारे में बात करना सही नहीं होगा। मुझे खुशी है कि यह फिल्म अब आगे बढ़ रही हैं। मधुर भंडारकर एक बेहतरीन और बोल्ड डायरेक्टर हैं। उनकी इस फिल्म में ग्लैमर के साथ साथ सेंसेशन जरूर होगा। मैं इस फिल्म को लेकर उत्साहित हूं। हीरोइन में मेरा चैलेंजिंग रोल है। वैसे भी मैं एक ऐक्ट्रेस हूं और मुझे डिफरेंट और चैलेंजिंग रोल करना पसंद है। मैं हमेशा अपने लुक और कैरेक्टर केसाथ एक्सपेरिमेंट करती रहती हूं। इस भूमिका में इस बात का अधिक ध्यान रखना है।

आपकी आने वाली फिल्में कौन-कौन सी हैं?
अब मेरी फिल्म रा वन आएगी। फिर एजेंट विनोद, धुन, गोलमाल 4, शॉर्ट टर्म शादी, वंस अपॉन अ टाइम इन अगेन और हीरोइन आदि आएंगी।

चर्चा हुई कि सैफ अली खान के साथ आपका रिश्ता गड़बड़ा रहा है?
यह बेकार की बातें हैं। हम साथ हैं। हर महिला की तरह मैं भी अपने रिलेशन को नेक्स्ट लेवल तक ले जाना चाहती हूं। मैं और सैफ जरूर शादी करेंगे, लेकिन हम अभी शादी के बारे में बात नहीं करना चाहते, हमारा ध्यान काम से हट जाएगा। लोग तो यह भी कह रहे हैं कि हमारी शादी फिल्म एजेंट विनोद की रिलीज के बाद हो जाएगी, जो गलत है। शादी की इतनी जल्दी भी क्या है। हर रिश्ते में अप्स ऐंड डाउन आते रहते हैं।

ऐसा कभी न हो.., लेकिन कल यदि सैफ ने आपको चीट किया तो..?
कल कभी नहीं आता। मैं लकी गर्ल हूं। अगर आपके बीच प्यार है, तो इस तरह की प्रॉब्लम कभी नहीं आएगी। मुझे इस चीज का एक्सपीरियंस है और पता भी कि मैं क्या करूंगी। इसलिए मैं बेवजह की टेंशन नहीं लेती।


क्या आप बच्चा चाहती हैं?
बिल्कुल, हर महिला की तरह मैं भी बच्चा चाहती हूं, लेकिन अभी मुझमें ही बचपना है। सैफ मुझे बच्चों की तरह ट्रीट करते हैं। मुझे अभी उस फेज में एंट्री करनी है जहां मैं मां बनने की जिम्मेदारियों को निभा सकूं।

लड़कियों में कॉमन डर कॉक्रोच, छिपकली वगैरह को लेकर होते हैं। क्या आपके साथ भी कुछ ऐसा है?
नहीं, मैं ऐसे किसी जीव से नहीं डरती और न ही मुझे इन सबके लिए बॉडीगार्ड की जरूरत पड़ती है। कभी ऐसी सिचुएशन आई भी नहीं।

आपकी बहन करिश्मा कपूर अभिनय की दुनिया में लौट आई हैं। उनके बारे में क्या कहेंगी?
उनके अभिनय की दुनिया में लौट आने से मैं बहुत खुश हूं। मेरी नजर में लोलो के आज भी दर्शक दीवाने हैं। लोग उन्हें इतनी जल्दी नहीं भूल सकते। उन्होंने काफी अच्छी फिल्में दी हैं। वे एक बार फिर अपने अभिनय का सिक्का यहां जमाएंगी। 

साभार: एजेंसियां