बाजारों में घूम-घूमकर शॉपिंग करना महिलाओं को बहुत भाता है। अकसर देखा जाता है कि महिलाएं ही पूरे घर-परिवार के लिए शॉपिंग करती हैं, लेकिन कई बार अपने सीधेपन और घाघ दुकानदारों की चालाकी की वजह से महिलाओं को अपने इस शॉपिंग शौक के चक्कर में काफी नुकसान भी उठाना पड़ जाता है। इसलिए अगर आप खरीदारी के लिए बाजार जा रही हैं तो इन बातों का जरूर ध्यान रखें। इनसे न केवल आपका पैसा ही बचेगा, बल्कि शॉपिंग का मजा भी आता रहेगा।
कई दुकानों पर जाकर कीमत पता करें
बाजारों में कई ऐसी चीजें होती हैं जिनका कोई निश्चित दाम नहीं होता। ऐसी चीजों की खरीदारी के लिए केवल एक ही दुकान पर जाकर संतुष्ट होकर खरीदारी न करें, बल्कि कई दुकानों पर जाकर कीमत पता करने के बाद ही ऐसी चीजें खरीदें। आजकल कई जगह वस्तु की कीमत से दोगुना दाम बताने का चलन-सा चल पड़ा है। दुकानदार को पता होता है कि ग्राहक मोल-भाव करके कीमत कम कराते हैं इसलिए ये लोग पहले ही अपनी चीजों के दाम दोगुने बता देते हैं।
आमतौर पर ग्राहक यह सोच भी नहीं पाते कि किसी वस्तु के दाम इतने ज्यादा भी बताए जा सकते हैं। वे थोडा-बहुत पैसा कम कराकर चीज खरीद लेते हैं और खुश हो जाते हैं कि हमने काफी पैसे कम करा लिए हैं। इसलिए कई दुकानों पर जाकर ही आपको उस वस्तु की सही कीमत का पता चल पाता है। उदाहरण के लिए, आईपी कॉलेज की कुछ छात्राएं पालिका बाजार धूप का चश्मा खरीदने गईं। दुकानदार ने एक चश्में की कीमत छह सौ रुपए बताई और धीरे-धीरे मोल-भाव करते-करते वह उसे 75 रुपए में बेचने का तैयार हो गया। अगर ये लड़कियां जल्दबाजी करतीं तो एक ही झटके में सैकडों रुपए का नुकसान उठाना प जाता।
चेहरे पर खुशी या उत्साह प्रकट न करें
बाजार में खरीदारी करते समय कभी भी किसी चीज के लिए अपने हाव-भाव में बहुत खुशी या उत्साह प्रकट न होने दें। भले ही सामने आपकी मनपसंद चीज ही क्यों न पड़ी हो, क्योंकि दुकानदार चेहरा देखकर भांप जाते हैं कि आपको यह चीज पसंद आ रही है और इसके लिए आप ज्यादा कीमत देने को तैयार होंगी। इस बात को ध्यान रखकर वह उसकी कीमत दूसरी चीजों से ज्यादा बता देते हैं।
शॉपिंग का प्लान तैयार करें
यूं तो शॉपिंग जरूरत के हिसाब से ही की जाती है। फिर भी कोशिश करें कि शॉपिंग ऐसे समय में ही की जाए जिससे शॉपिंग के साथ-साथ आपका या घूमना-फिरना भी हो जाए। वैसे भी भाग-दौड भरी इस जिंदगी में आजकल लोगों के पास ज्यादा समय नहीं होता। इसलिए शॉपिंग का पूरा प्लान तैयार करके ही बाहर निकलें। मौसम अच्छा हो, पति, बच्चों या सहेलियों के पास भी र्प्याप्त समय हो, बाजार बंद न हों, गाड़ी ठीक हो वगैरह। यह प्लानिंग इसलिए भी जरूरी होती है कि बाहर जाकर कोई चीज खरीदना न भूल जाएं। समय, जरूरत और मौसम के हिसाब से शॉपिंग के साथ-साथ छोटी-मोटी पिकनिक भी मनाई जा सकती है। यानी एक पंथ दो काज।
सेल के खेल को भी समझें
आमतौर पर लोग सेल को अपने फायदे का सौदा समझकर आंख बंदकर दुकानदारों के झांसे में आ जाते हैं, जबकि ज्यादातर होता यह है कि दुकानदार किसी चीज की असली कीमत बढ़ाकर सेल के बहाने कम कीमत पर बेचने का नाटक कर रहे होते हैं। इसलिए केवल दुकानदारों या शोरूम के चक्कर में न फंसकर बाजार में अच्छी तरह घूम-फिर कर उस वस्तु की असली कीमत पता करने के बाद ही खरीदारी करें, क्योंकि कोई भी दुकानदार आपको कम कीमत पर चीज बेचकर खुद क्यों घाटा उठाना चाहेगा?
भ्रामक विज्ञापनों पर न जाएं
कई बार बाजारों में इस तरह के भ्रामक विज्ञापन दिखाए जाते हैं जिनसे सौदा बहुत फायदे का लगता है, लेकिन असलियत कुछ और ही होती है। कई बार विज्ञापनों में ऊपर तो ग्राहकों के लिए बहुत आकर्षक सौदा बताया जा रहा होता है और नीचे या दाएं-बांए कहीं बहुत बारीक अक्षरों में लिखा होता है कि शर्तें लागू। इसलिए ऐसे विज्ञापनों से प्रेरित होने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त कर लें।
शॉपिंग के लिए अकेली न जाएं
महंगी चीजों या घर से दूर के बाजारों में शॉपिंग करते समय हमेशा अपने साथ एक साथी को जरूर रखें। भले ही वह कोई महिला हो या घर का बड़ा-बुजुर्ग। हमेशा देखा गया है कि घर के बाहर किसी साथी का होना बहुत अच्छा रहता है। वैसे भी आजकल देश के महानगरों में आपराधिक वारदातें बहुत तेजी से बढ रही हैं।
अनुभवी व्यक्ति से राय लें
सोने-चांदी के गहनों, कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों आदि की खरीदारी करने से पहले किसी ऐसे अनुभवी आदमी से राय ले लेनी चाहिए जो खुद इन्हें आजमा चुका हो। यह जरूरी नहीं है कि उसी की राय पर चला जाए, लेकिन अगर कई लोग एक जैसी बात कह रहे हों, तब तो पक्का है कि उनकी बात में कहीं न कहीं दम जरूर होगा।
बड़े बाजार और शोरूम जाएं
मूल्यवान चीजों की खरीदारी के लिए आस-पास के छोटे या खुदरा बाजारों से सामान खरीदने से अच्छा है कि बड़े व प्रसिद्ध बाजारों में जाकर खरीदारी की जाए। ऐसा करने से एक तो आपको नवीनतम चीजें मिल जाएंगी और दूसरे वहां छोटे बाजारों के मुकाबले में वैरायटी भी बहुत ज्यादा मिल सकेगी।
सस्ती-महंगी नहीं फायदेमंद चीज लें
कोई चीज खरीदने से पहले उसकी कीमत के अनुसार उससे होने वाले फायदे के बारे में सोचें। हमेशा सस्ते या महंगे के चक्कर में न पड़ें। यह जरूरी नहीं कि हमेशा सस्ती चीज खराब ही होगी या महंगी चीज ही अच्छी होगी।