साधारण रूप में नाखूनों को रंगना गुजरे जमाने का फैशन है। आजकल युवा लडकियां डिजाइनर नेल आर्ट पसंद कर रही हैं। इस आर्ट से सजे नाखूनों से लडकियों की पर्सनल्टी और मूड में चार चांद लग जाते हैं। उनकी पसंद को देखते हुए डिजाइनर्स ने एक से बढ़कर एक नेल आर्ट पैटर्न तैयार किए हुए हैं। इसलिए अगर आप सुंदर दिखना चाहती हैं, स्टाइलिश लगना चाहती हैं तो सिर्फ बालों और चेहरे की ही नहीं, हाथों की खूबसूरती पर भी ध्यान देना होगा। नाखूनों को एक नया रूप, नया लुक देने के लिए आप नेल आर्ट का इस्तेमाल कर सकती हैं। नेलआर्ट एक स्टाइलिश तरीका है अपने कोमल, सुदंर हाथों को और भी खूबसूरत दिखाने का। नेल आर्ट कि खासियत है कि आप इसमें किसी भी रंग का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके साथ ही इन रंगों को नग, क्रिस्टल, फूल, पत्तियों, स्टिकर से और भी बेहतरीन सजाया जा सकता है।
नेल आर्ट में नाखूनों पर कोई आक़ति उकेरने के बाद उसे हाईलाइट करने के लिए नेचुरल कलर से कोट किया जाता है। चमक के लिए ट्रांसपेरेन्ट ग्लिटर लगाया जाता है। थ्री डी फ्लावर, रेड रोज, यलो रोज, डॉटिंग, रोमांटिक रोज, स्टार नेल आदि डिजाइन काफी पसन्द किये जाते हैं। स्वारोस्की, क्रिस्टल, ग्लिटर, टैटू और रेडीमेड फ्लावर प्रिन्ट को नेल्स पर लगाकर अलग लुक दिया जा सकता है। नाखूनों को इस आर्ट से सजाने के लिए एक्रेलिक नेलपेंट का इस्तेमाल किया जाता है। आर्टिफिशियल नाखूनों पर बनाया गया डिजाइन लंबे समय तक बना रहता है। नेलआर्ट के कई तरीके हैं। उनमें से कुछ खास तरीकों में शुमार हैं थ्री डी नेलआर्ट, जिसमें ऐसे स्टीकर का इस्तेमाल किया जाता है जो रोशनी के साथ अपना अंदाज बदल लेते हैं। नेल पिअरसिंग, नेल एंबेलिशमेंट, एयर ब्रश आर्ट, नेल पिक्स और नेल पेंटिग भी नेलआर्ट के स्टाइल हैं।
इन दिनों अट्रैक्टिव फ्रांस नेल आर्ट सबसे ज्यादा डिमांड में है। इसमें नेल्स को ब्लंट शेप दिया जाता है। अगर असली नाखून छोटे हों तो उन पर नकली नाखून लगाकर ब्लंट शेप में ढाला जाता है। फिर फ्रांस सॉफ्ट व्हाइट जैल से परमानेन्ट लाइन बनाई जाती है और रायल पिंक जैल की कोटिंग की जाती है। इसके बाद आखिर में जैल से कोटिंग कर नेल्स में ब्राइटनेस लायी जाती है। ये दिखने में बिल्कुल असली जैसे होते हैं। इसके बाद नंबर आता है एग्जॉटिक नेलआर्ट का। इसमें फ्लोरल प्रिन्ट नाखूनों पर नजर आते हैं। फूल और हरी पत्तियां नेल्स को खूबसूरत लुक देते हैं। इसके साथ ग्रे, ब्लैक और व्हाइट तिरछी लाइनों का काम्बीनेशन नेल्स को बोल्ड लुक देता है।
नेल आर्ट में डिजाइन के अनुसार कीमत भी अलग होती है। इसकी शुरुआत करीब 200 रुपए से होती है। इसके बाद हर डिजाइन के साथ इसकी कीमत और बढ़ जाती है। जैसे आप एयर ब्रश स्टाइल अपने नाखनों पर बनवाना चाहती हैं तो इसकी शुरुआत होती है करीब पांच सौ रुपए से। अब यह आप पर निर्भर करता है कि आपको अपने नाखूनों के लिए कौन-सा डिजाइन सूट करता है।
इन बातों का रखें ध्यान
* मैनिक्योर और पैडिक्योर के बाद ही नेल आर्ट का इस्तेमाल करना चाहिए और नाखूनों पर डिजाइन बनावने से दो-चार दिन पहले नेलपेंट का इस्तेमाल न करें।
* नेल आर्ट बोल्ड रंग जैसे गोल्ड, ब्लैक, ग्रीन, ब्लू में और निखर कर आता है।
* नेल आर्ट में रंगों के अलावा नग, स्टीकर, क्रिस्टल का इस्तेमाल भी किया जाता है।
* नेल पेंट अच्छी कंपनी का इस्तेमाल करें। नेल पेंट हटाने के लिए नॉन एसिटॉन वाले रिमूवर का ही इस्तेमाल करें।
* हमेशा नेलपेंट लगे रहने से नाखूनों को ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है इसलिए जब भी संभव हो इन्हें बिना
नेलपॉलिश के भी रखें।