भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया के खिलाड़ियों का मंदिर अपने गांव में बनवाने जा रहे हैं। मनोज यह मंदिर बिहार के भभुआ जिला स्थित अपने गांव अतरवलिया में बनवाएंगे। इस मंदिर को वह अपनी जमीन पर बनवाएंगे। इस मंदिर का नाम क्रिकेट वर्ल्ड कप 20011 होगा। इस मंदिर में सभी भारतीय खिलाडियों की मूर्तियों होंगी जिन्होंने विश्व कप 2011 में हिस्सा लिया है।
इस मंदिर में सचिन तेंदुलकर और धोनी को खास जगह मिलेगी। वह चाहते हैं कि छह माह के भीतर मंदिर का काम पूरा हो जाएगा। इस मंदिर के उदघाटन के लिए मनोज तिवारी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और टीम इंडिया के कप्तान धोनी को आमंत्रित करेंगे।
मनोज ने मीडिया को बताया कि मंदिर बनाने पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें लगने वाली मूर्तियों के लिए जयपुर के कारीगरों की सेवा ली जायेगी। मंदिर के ऊपर बैट और बॉल बनाया जाएगा। मंदिर एक किलोमीटर दूर से ही नजर आयेगा।
वह मंदिर क्यों बनवाना चाहते हैं, इस सवाल के जवाब में मनोज का कहना है कि दक्षिण भारत में लोग अपने चहेते सितारों का मंदिर बनाते हैं। इसी बात ने मुझे प्रेरित किया कि मैं भी उन तमाम खिलाडियों का मंदिर बनाऊं जिन्होंने विश्वकप को भारत की झोली में डाला है।
ज्ञात हो कि मनोज तिवारी कभी क्रिकेट के खिलाडी भी रह चुके हैं। उन्होंने रणजी ट्राफी में हिस्सा लिया है।