लंदन। ब्रिटेन के शाही तख्त के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम की शादी केड मिडलटन से शुक्रवार 29 अप्रैल 2011 को हुई। अपने पिता चार्ल्स व मां डायना की शादी की नाकामयाबी से सीख लेकर प्रिंस ने शादी से पहले अपनी शादीशुदा जिंदगी को सफल बनाने के लिए दादी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से सलाह ली। महारानी एलिजाबेथ ने डायमंड मैरिज एनिवर्सिरी मनाई है। उनका दांपत्य जीवन बेहद सफल रहा है। जबकि प्रिंस विलियम के माता-पिता प्रिंस चार्ल्स व डायना की शादी टूट चुकी थी। ब्रिटिश राजपरिवार में प्रिंस चार्ल्स व डायना के अलावा भी कई शख्स ऐसे रहे हैं, जिनकी शादी तलाक की भेंट चढ़ चुकी है। इसलिए प्रिंस विलियम को अपने पूरे खानदान में केवल दादी एलिजाबेथ ही सफल शादी का मंत्र देने वाली नजर आई।
एलिजाबेथ द्वितीय-प्रिंस फिलिप: सफल दांपत्य जीवन
राजा एडवर्ड अष्ठम द्वारा 1936 में पद त्यागने के बाद ब्रिटेन का ताज उनके भाई जार्ज षष्टम को मिला। एलिजाबेथ जार्ज की सबसे बड़ी संतान थीं इसलिए शाही तख्त का उत्तराधिकारी उन्हें माना गया। 1934 में एक शादी के दौरान पहली बार एलिजाबेथ की मुलाकात अपने दूर के रिश्तेदार प्रिंस फिलिप माउंटबेटन से हुई। 1939 में उनकी दूसरी मुलाकात हुई और वहीं दोनों प्रेम में पड़ गए।
1946 में दोनों की गुप्त तरीके से सगाई की गई। उस वक्त एलिजाबेथ की उम्र 21 साल नहीं हुई थी इसलिए शाही परिवार ने इस सगाई को राज रहने दिया। 21 अप्रैल 1947 को एलिजाबेथ के 21 साल पूरे करने पर उनकी सार्वजनिक रूप से सगाई हुई। 20 नवंबर 1947 को एलिजाबेथ व फिलिप की शादी हुईा उनकी शादी के समारोह को रेडियो पर प्रसारित किया गया, इसको करीब दुनिया भर के 20 करोड़ लोगों ने सुना।
1952 में पिता की मृत्यु होने पर एलिजाबेथ देश की महारानी बनीं और उसके बाद प्रिंस फिलिप ने सार्वजनिक जीवन में मदद करने के लिए अपनी रॉयल नेवी की नौकरी छोड़ दी। महारानी एलिजाबेथ ब्रिटेन की ऐसी पहली शासक हैं जिन्होंने 2007 में अपनी शादी की डायमंड मैरिज एनिवर्सिरी मनाई।
प्रिंस चार्ल्स-डायना: असफल प्रेम की मशहूर दास्तान
महारानी एलिजाबेथ के बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स व प्रिंसेस डायना की शादी वर्ष 1981 में हुई थी। टीवी पर प्रसारित होने वाले इस शादी को दुनिया भर में करीब 75 करोड़ लोगों ने इसे देखा था। केवल लंदन में ही छह लाख लोग इस शाही शादी को देखने के लिए उमड़ पड़े थेा इतने बड़े शाही आयोजन से डायला घबरा गई और वह घबराहट में चार्ल्स का नाम ही गलत पढ़ बैठी थी।
प्रिंस चार्ल्स की डायना से पहली मुलाकात 1977 में हुई थी। मुलाकात के बाद प्रेम परवान चढ़ा और फिर शादी हो गई। डायना चार्ल्स से करीब 13 साल छोटी थी, जिस कारण दोनों के विचारों में बड़ा अंतर था। कहा जाता है कि चार्ल्स शारीरिक संबंध में भी डायना को खुश नहीं रख पाते थे, जिस कारण दोनों के संबंध में खटास पैदा होती गई और 1992 में दोनों अलग हो गए। वर्ष 1997 में एक कार दुर्घटना में डायना की मौत हो गई। वह वक्त वह अपने प्रेमी डोडी अल फहद के साथ दी। दुर्घटना में डोडी की भी मौत को गई थी।
इसके बाद प्रिंस चार्ल्स ने तलाकशुदा कैमिला पार्कर से वर्ष 2005 में दूसरा विवाह किया। कैमिला व चार्ल्स के बीच काफी पुराने प्रेम संबंध थे और कहा जाता है कि चार्ल्स व डायना के बीच खराब संबंध की एक बड़ी वजह कैमिला पार्कर भी थी।
एडवर्ड अष्टम: प्रेम के लिए ठुकराया तख्तोताज
ब्रिटेन के पहले ऐसे शासक हैं जिन्होंने अपनी अमेरिकी प्रेमिका वैलिस सिप्सन से शादी करने के लिए ताज को ठुकरा दिया था। दरअसल उनकी प्रेमिका पहले भी दो विवाह कर चुकी थी जबकि ब्रिटेन की परंपरा के अनुसार राजा को ऐसी लड़की से विवाह करने की अनुमति नहीं थी, जो तलाकशुदा हो और उसका पूर्व पति जीवित हो। इसलिए महज 327 दिन राजा रहने के बाद उन्होंने वैलिस से शादी करने के लिए पदत्याग कर दिया।
अन्य ब्रिटिश शासकों की तुलना में उन्होंने सबसे कम समय तक शासन किया। वह ब्रिटिश शाही परिवार के एकमात्र शासक हैं जिन्होंने प्रेम की खातिर शाही ताज ठुकरा दिया। उनके इस कदम से शाही उत्तराधिकार का क्रम बदल गया।
प्रिंसेस एनी- मार्क फिलिप्स: साथ की घुड़सवारी, लेकिन असफल रहे
महारानी एलिजाबेथ की बेटी एनी ने 1973 में मार्क फिलिप्स नामक व्यक्ति से शादी की। फिलिप्स गैर शाही खानदान से ताल्लुक रखते थे। दोनों को घुड़सवारी का बेहद शौक था। दोनों ने 1972 में मांट्रियल ओलंपिक में घुड़सवारी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, जिसमें मार्क फिलिप्स को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ था। बाद में दोनों का प्रेम खटाई में पड़ गया और दोनों ने तलाक ले लिया। तलाक के बाद दोनों ने दूसरी शादी कर ली।
प्रिंस एंड्रयू
महारानी एलिजाबेथ के दूसरे बेटे प्रिंस एंड्रयू ने सराह फरग्यूसन के साथ 1986 में विवाह किया। दस साल बाद ही 1996 में दोनों के बीच तलाक हो गया। हालांकि उसके एक साल बाद दोनों दोबारा से साथ रहने लगे।
प्रिंस एडवर्ड
प्रिंस एडवर्ड ने 1999 में सोफिया जोंस से बेहद निजी समारोह में शादी की।
मार्गरेट
मार्गरेट महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की बहन हैं। मार्गरेट की शादी के दौरान पहली बार शाही शादी का आयोजन टीवी पर किया गया। इसलिए मार्गरेट की शादी एक इतिहास है। दुनिया भर में करीब 20 लाख लोगों ने उनकी शादी को देखा था।