नई दिल्ली। मादीपुर इलाके में दहेज हत्या का एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया । एक विवाहिता को फांसी पर लटका छोड़ कर पति और ससुराल के लोग भाग निकले। वारदात की बाबत किसी को पता न चले इसलिए जाते-जाते मकान को बाहर से ताला लगा गए। लड़की के परिजनों का आरोप है कि लड़की की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है। शादी के बाद से ही उसे दहेज लाने के लिए परेशान किया जाता था।
करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में रहने वाले हीरालाल इंश्योरेंश कंपनी में काम करते हैं। 19 जनवरी 2010 को उन्होंने अपनी बड़ी बेटी विभा (24) की शादी पश्चिमपुरी में रहने वाले कुणाल नोंगिया के साथ की थी। कुणाल रक्षा मंत्रालय में आडिटर के पद पर तैनात है। शादी काफी धूमधाम से की गई थी और अन्य सामान के अलावा दहेज में आईटेन कार भी दी थी। नकदी के रूप में मोटी रकम भी दी गई थी। इसके बावजूद विभा का पति और दहेज लाने की बात कहकर लड़की के साथ मारपीट करता था।
पहली अगस्त को लड़की के पिता को पड़ोस में रहने वाले उनके रिश्तेदार ने सूचना दी की विभा के घर के बाहर ताला लटका हुआ है। और उन्हें कुछ गड़बड़ लग रही है। इसके बाद लड़की के परिजन बेटी की ससुराल पश्चिमपुरी पहुंच गए। पुलिस के साथ मिलकर जब मकान को खोला गया तो विभा की लाश पंखे के सहारे लटकी हुई थी। उसके गले में काले रंग की चुन्नी बंधी थी। पुलिस ने लड़की के शव को उतार कर तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया।
पिता हीरालाल का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या रात में ही कर दी गई थी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए बाद में उसकी लाश को फांसी पर लटकाया गया था। लड़की के परिवार वालों का यह भी आरोप है कि 2 तारीख को जिस दिन विभा के शव का दाह संस्कार किया जा रहा था उस दिन ससुराल पक्ष के कुछ लोग घर में बैठकर शराब पी रहे थे। जिसमें तिहाड़ जेल में तैनात आईटीबीपी का एक अधिकारी भी शामिल था। बहरहाल पुलिस ने पति कुणाल और सास तारावती को पकड़ लिया है। इलाकाई एसडीएम भी मामले की जांच कर रहे हैं।
कुमार गजेंद्र
लेखक अपराध संवाददाता हैं