वाशिंगटन। यदि आप चाहते हैं कि आपके बच्चों की लंबाई ज्यादा हो तो पत्नी चुनते समय इस बात का ध्यान रखें कि उसका मायका दूसरे शहर में हो। पढ़कर यकीन नहीं होगा लेकिन एक नए शोध में यह दावा किया गया है।
पोलैंड के शोधकर्ताओं ने यह पाया है कि एक ही शहर के निवासी दंपती के बच्चों की लंबाई दूरदराज वाले दंपती के बच्चों के मुकाबले कम होती है। शोधकर्ताओं का मानना है कि इसका कारण अनुवांशिक है। अलग-अलग क्षेत्रों में पैदा हुए अभिभावक के जीन में एक ही शहर में पैदा हुए दंपती की तुलना में समानता कम होती है। प्रमुख शोधकर्ता और पालिश एकेडमी ऑफ साइंस में इंस्टीट्यूट ऑफ एंथ्रोपोलॉजी के प्रमुख दारियूज डैनल ने बताया कि अनुवांशिक विविधता से बच्चों का शरीर अन्य बच्चों के मुकाबले ज्यादा प्रभावी ढंग से काम करता है। अभिभावकों के क्षेत्र अलग-अलग होने से लड़कों की लंबाई में 20 और लड़कियों की 14 प्रतिशत में बदलाव देखा गया।
उन्होंने कहा, 'यह प्रभाव बच्चों में छह से 18 वर्ष की आयु के बीच विकास अवधि में दिखता है।' शोधकर्ताओं के मुताबिक, कद का निर्धारण माता पिता के कद, सामाजिक, आर्थिक स्थितियों पर भी निर्भर करता है, क्योंकि धनी परिवार में जन्मे लोगों का पोषण बेहतर ढंग से होता है।
यह शोध अमेरिकन जर्नल ऑफ फिजिकल एंथ्रोपोलॉजी में प्रकाशित हुआ है। शोध के लिए दो हजार 675 लड़कों व दो हजार 603 लड़कियों पर अध्ययन किया गया। इस दौरान अभिभावकों की लंबाई और उनकी पारिवारिक आय पर भी सूचना इकट्ठा की गई।