नौकरी के बदले मिलती है देह की मंडी

Panjabiwoman.jpg

पंजाबी लड़कियां विदेश में बसने के लिए पहले प्रवासियों से शादी का सहारा लेती थी, लेकिन अब नौकरी पाने के लिए सीधे एजेंटों से एप्रोच कर रही हैं। शादी कर विदेश में बसने के लिए पंजाबी कुड़ियों की पहली पसंद जहां कनाडा था, वहीं नौकरी के लिए अवैध तरीके से सीमा पार करने के लिए ग्रीस व जॉर्जिया उनके लिए पसंदीदा जगह बनती जा रही हैं। ग्रीस पहुंचने के बाद उस वक्त उनका सपना टूटता है जब नौकरी की जगह उन्हें देह व्यापार में ढकेल दिया जाता है।

20 वर्ष या उससे कुछ अधिक उम्र की लड़कियां एजेंटों के झांसे में आकर या तो स्टूटेण्ड वीजा पर या फिर अवैध तरीके से बॉर्डर पार कर ग्रीस व जॉर्जिया पहुंच रही हैं।

ग्रीस स्थित एक गुरुद्वारे के कहने पर पंजाब की एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा किए गए सर्वे में इसका खुलासा हुआ है। विदेशों में बसे भारतीय के रहन-सहन का अध्ययन करने वाली इस संस्था से गुरुद्वारे ने आग्रह किया था कि वह पंजाबी लड़कियों को नौकरी के नाम पर ग्रीस आने से रोके, क्योंकि वहां उनकी जिंदगी दोयम दर्जे की होकर रह जाती है।

ऐसी करीब 50 पंजाबी लड़कियों की पहचान हुई हैं जो अवैध तरीके से ग्रीस पहुंची थीं। ये वो लड़कियां हैं, जो ग्रीस पहुंच कर वहां के गुरुद्वारे में रुकीं, लेकिन रात में उनके रुकने का कोई ठिकाना नहीं था। ग्रीस के कानून के मुताबिक लड़कियां  रात में गुरुद्वारे में नहीं रुक सकती हैं। उनकी रात सड़कों पर बीतती है, जहां से उनका यौन शोषण शुरू होता है।

भारत व पाकिस्तान के ट्रेवल एजेंट टर्की के जंगल के रास्ते इन लड़कियों को ग्रीस पहुंचाते हैं। इन लड़कियों का यौन शोषण पहले एजेंटों द्वारा ही शुरू होता है। फिर बाद में इन्हें देह व्यापार में ढकेल दिया जाता है। ये लड़कियां न तो ग्रीस में किसी को जानती हैं और न ही वहां की भाषा ही समझती हैं, इसलिए चुपचाप शोषण झेलने के अलावा इनके पास कोई चारा नहीं होता। 

जॉर्जिया जाने वाली पंजाबी लड़कियों में बड़ी संख्या में कॉलेज की छात्राएं हैं। ये स्टूडेंट वीजा पर वहां जाती हैं और फिर एजेंट के बिछाए जाल में फंस जाती हैं।