कॉस्‍मेटोलॉजी, सुंदरता के बढ़ते बाजार में करियर का बेहतरीन विकल्‍प

makeupkit.jpg

फैशन के इस दौर में हर कोई अपटूडेट और सुन्दर दिखना चाहता है। आन्तरिक सुन्दरता के अलावा बाहरी खूबसूरती भी बहुत मायने रखती है, खासतौर से लड़कियां और महिलाएं अपनी बाहरी सुन्दरता और व्यक्तित्व को लेकर बेहद सजग रहती है। यही वजह है कि बाहरी सुंन्दरता प्रदान करने वाली कॉस्मेटोलॉजी अब युवाओं के लिए एक बेहतरीन करियर विकल्प के रूप में उभर रही है।


सुन्दरता के बढ़ते बाजार की वजह से इस क्षेत्र में प्रोफेशनल्स की मांग भी अब काफी बढ चुकी है। कॉस्मेटोलॉजी के अन्तर्गत ब्यूटी केयर से सम्बन्धित अध्ययन किए जाते हैं, साथ ही प्रैक्टिकल जानकारी भी दी जाती है। इसमें ब्यूटी थैरेपी से लेकर हेल्थ केयर तक सभी कुछ शामिल है जिसमें  चेहरे, शरीर और बालों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए तरह-तरह के ट्रीटमेण्ट्स और थैरेपी के इस्तेमाल आदि की जानकारी दी जाती है।


सबसे बड़ी बात यह है कि इस क्षेत्र में काम करने वाले की उम्र और अनुभव बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता। इस क्षेत्र में जरूरी है समय के साथ चलना और लेटेसट फैशन ट्रेण्ड्स का पालन करना, क्योंकि ब्यूटी और फैशन दो ऐसे क्षेत्र हैं जहां नित नए ट्रेण्ड्स आते रहते हैं। हेयरस्टाइलिंग, स्किन केयर, कॉस्मेटिक्स, मैनिक्योर, पैडिक्योर और इलेक्ट्रोलॉजी आदि की जानकारी होना इस क्षेत्र की कुछ मूलभूत आवश्यकताएं हैं।

योग्यता
कॉस्मेटोलॉजिस्ट हमारी खूबसूरती की प्रोफेशनली देखभाल करते हैं। इनमें मेडिकल और नॉन मेडिकल दोनों ही तरह के कॉस्मेटोलॉजिस्ट शामिल हैं। हालांकि ये दोनों काम लगभग एक जेसा ही करते हैं पर इनके काम करने का तरीका, उपकरणों का इस्तेमाल और योग्यताएं अलग-अलग होती हैं। मेडिकल कॉस्मेटोलॉजिस्ट या कॉस्मेटिक डरमाटोलॉजिस्ट बनने के लिए आपके पास एमबीबीएस के बाद डरमाटोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए।

वहीं नॉन मेडिकल कॉस्मेटोलॉजिस्ट बनने के लिए ऐसी किसी योग्यता की दरकार नहीं है। आपके पास बस अनुभव और हाथ का हुनर होना चाहिए। इस क्षेत्र में आप स्कूल पास करने के बाद भी प्रवेश कर सकते हैं और कुछ समय की प्रेक्टिस के बाद अपना ब्यूटी पालoर भी शुरू कर सकते हैं। आप चाहें तो किसी ब्यूटी स्कूल से ट्रेनिंग भी ले सकते हैं।

करियर विकल्प
कॉस्मेटोलॉजी में कई क्षेत्रों का समावेश है जैसे हेयर स्टाइलिंग, मैनिक्योर-पैडिक्योर, स्किन केयर ट्रीटमेण्ट्स और इलेक्ट्रोलिसिज आदि। आप चाहें तो हर क्षेत्र में अपने हाथ आजमा सकते हैं और चाहें तो किसी एक क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं। वहीं मेडिकल कॉस्मेटोलॉजी एक वैज्ञानिक क्षेत्र है। मेडिकल कॉस्मेटोलॉजिस्ट बतौर कॉस्मेटिक सर्ज़न किसी अस्पताल से अपना करियर शुरू कर सकते हैं। या फिर कॉस्मेटिक कम्पनी या इण्डस्ट्री में भी इन्हे नौकरी मिल सकती है। आप चाहें तो ब्यूटी सैलून, स्पा सेण्टर, रिजॉर्टस, पांच सितारा होटलों आदि में भी काम कर सकते हैं।

अगर आप अपना ब्यूटी पार्लर शुरू करते हैं तो तीन हजार से दस हजार रुपए तक कमा सकते हैं। वहीं एक मेकअप आिर्टस्ट के तौर पर आप 500 से चार हजार रुपए या इससे अधिक भी एक व्यक्ति के मेकअप के ले सकते हैं। वहीं हेयर ड्रेसिंग करके आप 1500 से 2500 रुपए तक कमा सकते हैं।

कहां से करें

* वीएलसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ ब्यूटी, हेल्थ एण्ड मैनेजमेण्ट
ए-18, लाजपत नगर 2, नई दिल्ली
* हबीब हेयर अकादमी
203-ए, अनुपम गार्डन, नेब सराय, सैनिक फार्म, नई दिल्ली
* शहनाज हुसैन इण्टरनेशनल ब्यूटी अकादमी
एम 106, ग्रेटर कैलाश-1, नई दिल्ली।
* साउथ दिल्ली पॉलिटेक्नीक फॉर वूमेन
लेडी श्रीराम कॉलेज के पीछे, लाजपत नगर 4, नई दिल्ली।
फोन : 011-26294833, 011-26294836

साभार: कोमिका भारद्वाज, नईदुनिया