शॉपिंग अधिकांश महिलाओं की हॉबी है तो किसी के लिए तनाव से निजात पाने का तरीका। एक सर्वेक्षण की मानें तो महिलाएं अपने जीवन का तीन साल इसी हॉबी को पूरा करने में गुजार देती हैं। यानी वह पूरी जिंदगी का तीन साल केवल शॉपिंग करने में ही बिता देती हैं।
ऑनलाइन मार्केट रिसर्चर्स वनपाल के सर्वेक्षण के मुताबिक एक औसत महिला अपने व अपने परिवार के लिए करीब 301 बार शॉपिंग करती हैं। वे हर साल कुल 399 घंटे 46 मिनट का समय खरीददारी में लगाती हैं। 2000 महिलाओं पर किए गए सर्वेक्षण में यह सामने आया कि महिलाएं शॉपिंग व मोलभाव करने के लिहाज से करीब 26 घंटे 53 मिनट का समय दुकानों में घूमने में खर्च कर देती हैं। महिलाएं किराने की दुकानों में ही एक घंटे का समय लगा देती हैं।
खाने के सामान के लिए ही वे हर साल 84 बार शॉपिंग के लिए जाती हैं। एक ही छत के नीचे सभी कुछ जैसे स्टोर में वह 95 घंटे का समय लगाती हैं। कपड़े व सौंदर्य प्रसाधनों की खरीददारी में उनका सबसे अधिक करीब 100 घंटे का वक्त जाया होता है।